State

सेंचुरियन स्काई में भजनों और महाआरती से भक्तिमय हुआ माहौल

छप्पन भोग के दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, दीपकों से सजाई ‘जय माता दी’ की आकृति, तंबोला में विजेताओं को मिले पुरस्कार

भोपाल। कटारा हिल्स स्थित सेंचुरियन स्काई परिसर में शारदीय नवरात्रि उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, महाआरती और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। उत्सव में परिसर की महिला मंडल की सदस्यों ने विशेष योगदान दिया। श्वेता जायसवाल, अल्का मिश्रा, सुखमणि राय, मधु श्रीवास्तव, सुनीता, सुमन सिंह और शालिनी साकल्ये सहित अन्य महिलाओं ने प्रतिदिन शाम को मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन किया। मातारानी की आराधना में गाए गए भजनों से पूरा परिसर गूंज उठा।

छप्पन भोग और दीपकों से सजाई आकृति

दुर्गा अष्टमी पर आयोजित महाआरती उत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। इस अवसर पर मातारानी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। प्रसाद और मातारानी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं, परिसर के रहवासियों ने सैकड़ों दीपक जलाकर जमीन पर ‘जय माता दी’ की आकर्षक आकृति बनाई। दीपकों की रोशनी से सजा यह दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

महाआरती के बाद हुआ तंबोला

महाआरती और महाप्रसाद वितरण के बाद रहवासियों के लिए तंबोला (हाउसफुल) खेल का आयोजन किया गया। इसमें परिसर के परिवारों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खेल में दीपिका मिश्रा, आर्यन, मुक्ताश और खुशी सहित अन्य प्रतिभागी विजेता बने। जीपी श्रीवास्तव, विवेक साकल्ये, स्वप्निल नागोरिया और हितेश समाधिया ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। धार्मिक आयोजनों के साथ मनोरंजक गतिविधियों ने नवरात्रि उत्सव को यादगार बनाया।

Related Articles