State

ओंकारेश्वर में गुरु पूर्णिमा पर माँ पूर्ण प्रज्ञा का पूजन, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

भोपाल/ओंकारेश्वर। पवित्र ज्योतिर्लिंग धाम ओंकारेश्वर में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। टेम्पल व्यू परिसर में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शंकराचार्य परंपरा के परम पूज्य स्वामी अखण्डानन्द महाराज की शिष्या माँ पूर्ण प्रज्ञा के सान्निध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित की।

कार्यक्रम में साध्वी सर्वेश सरस्वती ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ माँ पूर्ण प्रज्ञा का पूजन-अर्चन कराया। इस दौरान गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं ने गुरु को ज्ञान, संस्कार और आत्मिक उन्नति का मार्गदर्शक बताया।

अपने आशीर्वचन में माँ पूर्ण प्रज्ञा ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सत्य, धर्म और आध्यात्मिक चेतना की दिशा देने वाले दिव्य पथप्रदर्शक होते हैं। उन्होंने सभी से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। गुरु वंदना, पूजन और आशीर्वाद के बाद श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में नमन कर सद्मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रेरणा और आत्मिक अनुभूति का विशेष अवसर बना।

Related Articles