State

जनजातीय कार्य विभाग के अस्थाई कर्मचारियों का आज भोपाल में प्रदर्शन

कर्मचारी-विरोधी आदेश निरस्त करने की उठेगी मांग | मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के नेतृत्व में विरोध

भोपाल, मध्यप्रदेश। जनजातीय कार्य विभाग में वर्षों से सेवा दे रहे दैनिक वेतन भोगी भृत्य एवं अंशकालीन कर्मचारी आज अपने न्यायिक अधिकारों की मांग को लेकर राजधानी भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के बैनर तले यह प्रदर्शन अरेरा हिल्स स्थित कार्यालय आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग में दोपहर 12 बजे किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद कर्मचारी मंच द्वारा आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर विवादित आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की जाएगी।


विवाद की जड़: बैतूल जिले में जारी हुआ कर्मचारी-विरोधी आदेश

मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने बताया कि सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग जिला बैतूल ने हाल ही में विकासखंड अधिकारियों को आदेश जारी किया है कि दैनिक वेतन भोगी भृत्य एवं अंशकालीन कर्मचारियों को सेवा में न रखा जाए। इस आदेश के बाद विकासखंड अधिकारी वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर रहे हैं, जिससे पूरे जिले के कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का आदेश प्रदेश के किसी अन्य जिले में जारी नहीं हुआ है, और न ही विभागीय मुख्यालय, भोपाल से कोई निर्देश आया है। इसलिए इसे कर्मचारियों के हितों के प्रतिकूल और तानाशाही रवैये का परिचायक बताया जा रहा है।

जिला स्तर पर भी उठ चुकी है आवाज, अब राजधानी में प्रदर्शन

कर्मचारियों ने बैतूल जिले में कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपकर आदेश को रद्द करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने पर संघर्ष तेज किया गया है। आज भोपाल में होने वाले इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व अशोक पांडे, प्रदेश अध्यक्ष मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच करेंगे। कर्मचारी मंच का कहना है कि जब तक विवादित आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles