भोपाल। नगर निगम के नवीन मुख्यालय अटल भवन में एक बार फिर तोड़फोड़ का काम शुरू हो गया है। इस बार भवन की छठी, सातवीं और आठवीं मंजिल पर एयर कंडीशनर (एसी) लगाए जा रहे हैं। एसी इंस्टॉलेशन के लिए तीनों मंजिलों पर निर्माण संबंधी कार्य जारी है। उल्लेखनीय है कि भवन को अब तक कंप्लीशन सर्टिफिकेट भी जारी नहीं हुआ है।
करीब ₹74 करोड़ की लागत से बने इस भवन के निर्माण के दौरान दावा किया गया था कि इसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे पूरा भवन स्वाभाविक रूप से ठंडा रहेगा और अलग से एसी लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। हालांकि, अधिकारियों और कर्मचारियों को गर्मी से राहत नहीं मिलने के कारण अब चयनित मंजिलों पर एसी लगाए जा रहे हैं।
निर्माण के समय एसी का प्रावधान नहीं
जानकारी के अनुसार, भवन की मूल योजना में एसी लगाने का प्रावधान नहीं रखा गया था, क्योंकि डिजाइन को ऊर्जा दक्ष और तापमान नियंत्रित बताया गया था। लेकिन कार्यालय संचालन शुरू होने के बाद गर्मी की समस्या सामने आने पर अब आवश्यकतानुसार एसी लगाए जा रहे हैं।
कर्मचारियों को हो रही दिक्कत
कार्यालय पूरी तरह शिफ्ट होने और सभी शाखाओं के कामकाज शुरू होने के बाद एसी लगाने के लिए हो रही तोड़फोड़ से कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के कारण कई स्थानों पर काम प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों को अपना नियमित कार्य बाधित करना पड़ रहा है।
हालांकि, नगर निगम की ओर से एसी लगाने के निर्णय, लागत या निर्माण कार्य की समयसीमा को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
