State

भोपाल में क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल होगी मरम्मत, गड्ढे भरने के लिए क्विक सेट सीमेंट और पेवर ब्लॉक का इस्तेमाल

भोपाल, 12 अगस्त 2026। बारिश के कारण भोपाल की सड़कों पर हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत के निर्देश लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है।

प्रमुख सड़कों और पुलों का होगा निरीक्षण

मंत्री ने भोपाल की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य अभियंता ब्रिज और मुख्य अभियंता भोपाल को शहर की प्रमुख सड़कों, पुलों और यातायात की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों को चिह्नित कर तत्काल मरम्मत शुरू कराई जाएगी। अधिकारियों को प्रमुख मार्गों के साथ आंतरिक और संपर्क सड़कों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

क्विक सेट सीमेंट से तुरंत भरे जाएंगे गड्ढे

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जहां बारिश के कारण तत्काल डामरीकरण या स्थायी मरम्मत संभव नहीं है, वहां क्विक सेट सीमेंट, पेवर ब्लॉक या अन्य उपयुक्त तकनीक से गड्ढे तत्काल भरे जाएं।

इसका उद्देश्य नागरिकों को जल्द राहत देना और वाहनों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है। बारिश के दौरान दोबारा गड्ढे बनने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए मैदानी अमले को भी सतर्क रखा जाएगा।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत का काम केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए और संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करें।

उन्होंने कहा कि सड़क सुधार में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निरीक्षण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Related Articles