भोपाल। जिला न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को राजधानी में चलित न्यायालय (मोबाइल कोर्ट) लगाकर यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। डीबी मॉल के सामने हुई इस कार्रवाई में 137 वाहनों के चालान किए गए। अभियान के दौरान अवैध रूप से लगाए गए हूटर, सायरन और ब्लैक फिल्म वाले वाहन पुलिस के निशाने पर रहे।
अभियान का नेतृत्व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अग्नीन्ध्र कुमार द्विवेदी ने किया। उनके साथ अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंक दुबे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी विजय कुमार पाठक, भारत सिंह रघुवंशी और शरद जायसवाल भी मौजूद रहे।
कार्रवाई में यातायात पुलिस की ओर से एक एसीपी, तीन निरीक्षक, दो सूबेदार और 35 पुलिसकर्मियों के अलावा एमपी नगर थाना प्रभारी एवं थाना स्टाफ ने संयुक्त रूप से वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान अवैध रूप से हूटर, सायरन, लाल-नीली बत्ती और ब्लैक फिल्म का उपयोग करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही वाहनों से अवैध हूटर और सायरन हटवाकर जब्त भी किए।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अन्य लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात कंट्रोल रूम के दूरभाष 0755-2677340, 0755-2443850 तथा हेल्पलाइन नंबर 7587602055 पर संपर्क किया जा सकता है।