भोपाल में गंदगी और सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगम की सख्ती, 83 मामलों में ₹15,800 का स्पॉट फाइन

भोपाल। शहर में स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम भोपाल ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का उपयोग करने, सी एंड डी (निर्माण एवं विध्वंस) वेस्ट सड़क पर फेंकने तथा संपत्ति विरूपण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 83 प्रकरणों में कुल 15,800 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला गया।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम अमले ने विभिन्न जोन क्षेत्रों में अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों, बिजली के खंभों और दीवारों पर अवैध प्रचार सामग्री लगाने, साफ-सफाई व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग और निर्माण मलबा सार्वजनिक स्थानों पर डालने वालों पर कार्रवाई की।

जोनवार कार्रवाई

– जोन-13 में 24 प्रकरणों में 5,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
– जोन-14 में 30 प्रकरणों में 3,900 रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
– जोन-15 में 4 प्रकरणों में 2,800 रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
– जोन-16 में 25 प्रकरणों में 3,900 रुपये का स्पॉट फाइन किया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें, निर्माण मलबा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।

Exit mobile version