बड़े तालाब के कैचमेंट में चला निगम का बुलडोजर, अवैध निर्माण जमींदोज


भोपाल। बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने करीब तीन महीने बाद एक बार फिर सख्ती शुरू कर दी है। निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन में फुल टैंक लेवल से 50 मीटर के दायरे में चिन्हित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की।
औरामाल के निर्माण पर रोक
निगम अमले ने औरामाल में एलिवेशन के स्वरूप में किए जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाया। संबंधित को निर्माण से जुड़े जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भवन अनुज्ञा और प्रचलित भवन निर्माण नियमों के अनुसार ही कार्य करने की हिदायत दी गई।
इंडस मुस्कान कॉलोनी में अतिक्रमण हटाया
जोन-16 के अयोध्या बायपास रोड स्थित इंडस मुस्कान कॉलोनी में भी कार्रवाई की गई। यहां अवैध रूप से किए गए निर्माण, स्थल पर किए गए अतिक्रमण और सड़क क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को निगम की टीम ने हटाया।
2.3 एकड़ में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई
जोन-16 के खेजड़ा बरामद क्षेत्र में खसरा नंबर 200/1/1/1 की करीब 2.3 एकड़ जमीन पर बिना टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की स्वीकृति और नगर निगम से विकास अनुमति लिए कथित रूप से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। निगम अमले ने मौके पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई सवाई सिंह राजपूत और संतोष मीणा द्वारा किए जा रहे निर्माण के खिलाफ की गई।
खानूगांव में भी हटाया अवैध निर्माण
बड़े तालाब के फुल टैंक लेवल की 50 मीटर सीमा के भीतर चिन्हित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के दौरान खानूगांव क्षेत्र में शकील खान द्वारा किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण को भी हटाया गया।
नगर निगम का कहना है कि बड़े तालाब के कैचमेंट क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





