भोपाल में अवैध निर्माणों पर निगम की कार्रवाई, बावड़ियाकला में दो मंजिला भवन ध्वस्त, रोशनपुरा में 10 मकान हटाए

भोपाल, 31 जुलाई। राजधानी भोपाल में नगर निगम ने अवैध निर्माणों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। भवन अनुज्ञा के विपरीत बनाए गए दो मंजिला भवन को ध्वस्त किया गया, वहीं रोशनपुरा में मेट्रो परियोजना में बाधा बन रहे 10 पक्के मकानों को हटाया गया।

नगर निगम के भवन अनुज्ञा शाखा और अतिक्रमण निरोधक दल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बावड़ियाकला स्थित शुभालय विहार गौरव गृह निर्माण सोसायटी के प्लॉट नंबर 93-बी पर बने दो मंजिला भवन को तोड़ दिया। निगम के अनुसार भवन का निर्माण स्वीकृत भवन अनुज्ञा के विपरीत किया गया था। शिकायत मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की गई।

इसके अलावा रोशनपुरा में मेट्रो रेल परियोजना के लिए रास्ता साफ करने के उद्देश्य से मुख्य मार्ग पर बने 10 पक्के मकानों को बुलडोजर से हटाया गया। नगर निगम के अनुसार इन संपत्तियों के लिए संबंधित लोगों को पहले ही मुआवजा दिया जा चुका था, लेकिन भवन खाली नहीं किए गए थे।

निगम का कहना है कि इन निर्माणों को हटाए जाने के बाद मेट्रो रेल लाइन के निर्माण में आ रही बाधाएं समाप्त हो गई हैं, जिससे परियोजना का कार्य अब तेजी से आगे बढ़ सकेगा।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Exit mobile version