भोपाल, 12 अगस्त 2026। नगर निगम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़क, फुटपाथ और नालियों पर किए गए कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान 1 गुमठी, 9 स्टूल और 2 टेबल सहित अन्य सामान जब्त किया गया। वहीं, आशिमा मॉल गणेश नगर में एक भवन का आंशिक ध्वस्तीकरण और खानूगांव तालाब के कैचमेंट एरिया में बनी दो अवैध बाउंड्रीवाल तोड़ी गईं।
निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर से मिली शिकायतों और नियमित कार्रवाई के तहत शहर के कई क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान अवैध बांस-बल्ली शेड, अस्थायी पार्किंग शेड, नालियों के ऊपर रखी फर्शियां, अवैध चबूतरे, तार फेसिंग, भवन निर्माण सामग्री और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया।
अभियान के दौरान फुटपाथ पर लगी सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानों के साथ ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, स्टूल और कुर्सियां भी हटाई गईं। एमपी नगर जोन-2 में आवागमन में बाधक बने 5 चार पहिया वाहनों को भी हटवाया गया।
निगम अमले ने पंचशील नगर में दुकान के बाहर बने बांस-बल्ली के शेड, कोलार में सड़क पर रखी निर्माण सामग्री, प्रियंका नगर में अवैध तार फेसिंग, अंशल ग्रीन कॉलोनी में नाले के ऊपर बने पार्किंग शेड और अशोका गार्डन में नाली पर रखी फर्शियां हटाईं।
इसके अलावा भवन अनुज्ञा शाखा की कार्रवाई में सहयोग करते हुए निगम अमले ने आशिमा मॉल, गणेश नगर में एक भवन का जेसीबी से आंशिक ध्वस्तीकरण किया। खानूगांव तालाब के किनारे कैचमेंट एरिया में बनी दो अवैध बाउंड्रीवाल भी तोड़ी गईं।
निगम ने बताया कि शहर में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
