भोपाल में अतिक्रमण के खिलाफ निगम की कार्रवाई, ठेले-गुमठियां हटाईं, 25 वाहन हटवाए

कई इलाकों में फुटपाथ और सड़कों से हटाया सामान, एक ट्रक लूज पन्नी सहित अन्य सामग्री जब्त
**भोपाल, 22 अक्टूबर।** शहर में सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई कर ठेले, गुमठियां, अस्थायी छप्पर, चबूतरे और दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया। आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों को भी हटवाया गया। कार्रवाई के दौरान ठेले, गुमठी, लोहे के पाइपों के टुकड़े और एक ट्रक लूज पन्नी जब्त की गई।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के निराकरण के लिए यह कार्रवाई की गई। रोशनपुरा, टीटी नगर, नेहरू नगर, भदभदा, सूरज नगर, बैरागढ़, एयरपोर्ट रोड, गांधीनगर, करोद, नवीबाग, अवधपुरी, पटेल नगर, इंद्रपुरी, जहांगीराबाद, हमीदिया रोड, ईदगाह हिल्स, कमला पार्क, लिंक रोड और एमपी नगर सहित कई क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाया गया।
**सड़कों पर खड़े वाहनों को हटवाया
निगम की कार्रवाई में नेहरू नगर से दो चार पहिया वाहन, पीएंडटी चौराहा और गीतांजलि कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से पांच, बैरागढ़ मछली मार्केट से चार, करोद दशहरा मैदान से आठ और शहीद नगर से पांच चार पहिया वाहन हटवाए गए। नवीबाग क्षेत्र से आवागमन में बाधा बन रही एक आइसक्रीम गाड़ी भी हटाई गई।
पटेल नगर में चाय की दुकान का अस्थायी टपरा और एयरपोर्ट रोड पर बने चार अवैध छप्पर हटाए गए। इसके अलावा दुकानों के बाहर रखा सामान, कुर्सियां, टेबल, स्टैंड, पान पार्लर और फुटपाथ पर लगी दुकानों को भी हटाया गया।
सामग्री जब्त, कार्रवाई जारी
निगम अमले ने कार्रवाई के दौरान तीन छत ठेले, एक गुमठी, लोहे के चार पाइपों के टुकड़े और एक ट्रक लूज पन्नी जब्त की। निगम प्रशासन के अनुसार, शहर में यातायात को सुगम बनाने और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए शिकायतों के आधार पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





