भोपाल में 7 बकायादार दुकानों पर तालाबंदी, निगम ने की सख्त कार्रवाई

कोकता ट्रांसपोर्ट नगर में लीजरेंट और संपत्तिकर नहीं चुकाने पर 4 दुकानें बंद
भोपाल, 18 अगस्त 2026। भोपाल नगर निगम ने राजस्व वसूली अभियान के तहत बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 7 दुकानों पर तालाबंदी की। इनमें जोन क्रमांक 5 की तीन और जोन क्रमांक 15 की चार दुकानें शामिल हैं।
जोन क्रमांक 5 के वार्ड 23 स्थित तिलक मार्केट की दुकान क्रमांक 25 के संचालक कमर अजीज पर 86,850 रुपये, एबी मार्केट की दुकान क्रमांक 78-बी के जगन्नाथ पर 1,03,895 रुपये और दुकान क्रमांक 61-ए के हमीद खान पर 41,727 रुपये बकाया था। राशि का भुगतान नहीं करने पर निगम ने तीनों दुकानों पर तालाबंदी कर दी।
कोकता ट्रांसपोर्ट नगर की 4 दुकानें बंद
जोन क्रमांक 15 के वार्ड 62 स्थित कोकता ट्रांसपोर्ट नगर में लीजरेंट और संपत्तिकर का भुगतान नहीं करने वाले चार दुकानदारों के खिलाफ भी तालाबंदी की कार्रवाई की गई।
निगम की कार्रवाई के बाद एक बकायादार ने 26,300 रुपये की पूरी बकाया राशि निगम कोष में जमा कर दी।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर राजस्व अमले द्वारा यह कार्रवाई की गई। निगम अधिकारियों ने कहा कि संपत्तिकर, जल उपभोक्ता प्रभार, लीजरेंट और दुकानों के किराये समेत अन्य बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





