करारोपण से छूटी संपत्तियों को टैक्स के दायरे में लाएं: निगम आयुक्त संस्कृति जैन

भोपाल। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने गुरुवार को निगम मुख्यालय में आयोजित समय-सीमा कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को करारोपण से छूटी संपत्तियों की पहचान कर उन्हें संपत्ति कर के दायरे में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नई संपत्तियों के कर निर्धारण और राजस्व वसूली में तेजी लाने पर जोर दिया।

बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी नई नस्तियां (फाइलें) ई-फाइलिंग सिस्टम पर ही संधारित की जाएं तथा संबंधित कर्मचारियों की आईडी भी शीघ्र बनाई जाए। उन्होंने भवन अनुज्ञा से जुड़े मामलों में सूक्ष्म जांच के बाद ही कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निगम आयुक्त ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती से स्पॉट फाइन लगाने, मरम्मत योग्य सड़कों की सूची तैयार करने तथा मुख्य मार्गों सहित अन्य सड़कों के सौंदर्यीकरण और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर पड़े सी एंड डी (निर्माण एवं विध्वंस) अपशिष्ट को लोक निर्माण विभाग के समन्वय से शीघ्र हटाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।

बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, वरुण अवस्थी, अभिषेक सिंह, अमन मिश्रा, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता सहित उपायुक्त, अधीक्षण यंत्री, सहायक आयुक्त और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version