State

भोपाल: वेतन और भत्तों की मांग पर हड़ताल कर रहे कुक्कुट विकास निगम के संविदा कर्मचारियों ने पक्षियों के लिए टांगे सकोरे, सकारात्मक आंदोलन का उदाहरण

भोपाल। मध्यप्रदेश के कुक्कुट विकास निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारी पिछले 20 दिनों से संविदा नीति 2023 के तहत वेतन और भत्तों की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। परंतु इस हड़ताल का 20वां दिन एक सकारात्मक संदेश लेकर आया, जब कर्मचारियों ने आंदोलन के दौरान भोपाल में पेड़ों पर पक्षियों के लिए सकोरे (मिट्टी के बर्तन) टांगकर दाना-पानी की व्यवस्था की।

संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश राठौर ने बताया कि यह आंदोलन सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना के साथ किया जा रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि राज्य सरकार भले ही उनके परिवारों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था नहीं कर रही है, लेकिन उन्होंने पक्षियों के लिए पेयजल और दाना उपलब्ध कराकर “संवेदनशील आंदोलन” की मिसाल पेश की है।


मुख्य मांगें और लंबित आदेशों पर नाराजगी

संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  1. 22 जुलाई 2023 की संविदा नीति के तहत वेतन एवं भत्तों का शीघ्र भुगतान।
  2. निगम संचालक मंडल द्वारा नीति को अनुमोदन देने के बावजूद आदेश जारी न होना।
  3. जनवरी 2025 में दिए गए आश्वासन के बावजूद आदेश पिछले तीन महीने से लंबित।
  4. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नीति लागू करने की अनुमति दिए जाने के बावजूद भी फाइल अटकी हुई है।

राठौर ने कहा कि यह स्पष्ट नीति है, जिसे संचालक मंडल ने अनुमोदित किया है और आदेश जारी करने में बार-बार वल्लभ भवन से मार्गदर्शन मांगा जाना केवल प्रक्रिया को लंबा खींचने का बहाना है। यह मार्गदर्शन पशुपालन विभाग द्वारा सामान्य प्रशासन विभाग से मांगा गया है, जबकि नीति एक बार लागू हो जाए तो आदेश कभी भी जारी किए जा सकते हैं।


हड़ताल की पृष्ठभूमि और आंदोलन की रूपरेखा

  • 1 से 7 जनवरी 2025 तक कर्मचारियों ने पहला चरणबद्ध आंदोलन किया था, जिसमें प्रबंधन ने 7 दिनों में आदेश जारी करने का वादा किया था।
  • लेकिन अब तीन माह बीतने के बाद भी आदेश जारी नहीं हुए हैं, जिससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष है।
  • आंदोलन के विभिन्न रूपों में कभी चारा खाकर तो कभी मौन रखकर विरोध दर्ज किया गया है।

प्रदर्शन में शामिल प्रमुख संविदा कर्मचारी

इस आंदोलन में प्रदेश भर से शामिल हुए संविदा कर्मचारियों में प्रमुख नाम हैं:
अंकित पाठक, अक्षय राजपूत, प्रणय सक्सेना, प्रदेश नंदनवार, आस्था यादव, दीपक शर्मा, संजय सैनी, वैशाली पटेल, सावित्री, कन्हैया लाल सहित दर्जनों संविदा कर्मी।


संघ की चेतावनी: आंदोलन हो सकता है और उग्र

संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर ने स्पष्ट चेतावनी दी है:

“यदि शीघ्र आदेश जारी नहीं किए गए, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। इसके लिए शासन और कुक्कुट विकास निगम प्रबंधन पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।”

Related Articles