
भोपाल, 4 अगस्त 2026। श्रावण मास के पावन अवसर पर भोपाल के ग्रामीण क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत कलखेड़ा में शिव शक्ति परिवार द्वारा धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ सवा लाख शिवलिंग का निर्माण कर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया।
कार्यक्रम में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार कर जल, दूध, शहद और पंचामृत से रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
शिव शक्ति परिवार की सदस्य श्रीमती राजदुलारी पाराशर ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना के उद्देश्य से ग्राम कलखेड़ा के सामुदायिक भवन में महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से सवा लाख शिवलिंग का निर्माण किया गया।
आचार्य पंडित कपिल शर्मा के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग निर्माण के दौरान भक्ति गीतों और जयघोष के बीच भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर शिव शक्ति परिवार की संरक्षक श्रीमती अभिलाषा शर्मा, ज्योतिषना पांडे, रजनी खंडेलवाल, राधिका, मधु, ज्योति पाराशर, जागृति तिवारी, सुषमा जोशी, वैशाली सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।





