भोपाल में मास्टर प्लान लागू किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय अटल भवन के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महापौर मालती राय का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा के साथ पार्षद गुड्डू चौहान और कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मास्टर प्लान को लेकर आपत्ति जताते हुए इसे आम जनता और प्रभावित लोगों के हितों के खिलाफ बताया तथा निर्णय पर पुनर्विचार की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मास्टर प्लान से जुड़ी आपत्तियों का समाधान किए जाने की मांग की। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
