State

भोपाल में आज कांग्रेस की साइकिल यात्रा और रॉयल मार्केट सभा, दोपहर 12 बजे से रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की साइकिल यात्रा और रॉयल मार्केट में प्रस्तावित आमसभा को देखते हुए बुधवार को राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। यातायात पुलिस ने दोपहर 12 बजे से आवश्यकता अनुसार डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी है।

यातायात पुलिस के अनुसार साइकिल यात्रा चिरायु मेडिकल कॉलेज से भोपाल नगर में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा बैरागढ़, लालघाटी चौराहा, कोहेफिजा चौराहा होते हुए रॉयल मार्केट पहुंचेगी, जहां आमसभा का आयोजन होगा।

इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

कार्यक्रम के दौरान लालघाटी चौराहा से रॉयल मार्केट, कोहेफिजा और जीएडी चौराहा से रॉयल मार्केट, मोती मस्जिद से रॉयल मार्केट, कर्फ्यू वाली माता मंदिर से रॉयल मार्केट तथा शाहजहांनाबाद से रॉयल मार्केट की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उनका मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।

इसके अलावा रॉयल मार्केट से तीन मोहरा होते हुए एलबीएस अस्पताल तक का मार्ग आमसभा के दौरान पूरी तरह बंद रहेगा।

वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग

यातायात पुलिस ने बताया कि डायवर्जन के दौरान वाहन चालक लालघाटी से वीआईपी रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग ताजुल मसाजिद परिसर में की गई है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यातायात कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles