भोपाल, 20 अगस्त। कोलार क्षेत्र में नगर निगम की आधुनिक सुविधाओं से लैस की जा रही ई-लाइब्रेरी में चोरों ने सेंध लगा दी। बुधवार-गुरुवार की रात प्रस्तावित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुस्तकालय परिसर से कंप्यूटर उपकरणों और 11 विंडो स्लाइडर के गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुस्तकालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर निगम ने मामले की शिकायत कोलार थाने में दर्ज कराई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि पुस्तकालय में अभी सामान शिफ्ट करने का काम चल रहा था। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे कर्मचारी जब परिसर में पहुंचे तो उन्हें सामान कम दिखाई दिया। इसके बाद कंप्यूटर उपकरणों की जांच की गई। निगम के अनुसार पुस्तकालय में 8 मॉनिटर, 8 सीपीयू, 8 माउस और 8 की-बोर्ड रखे गए थे। जांच में इनमें से 7 मॉनिटर, 5 सीपीयू, 6 माउस और 7 की-बोर्ड ही मिले।
एक मॉनिटर समेत कई उपकरण गायब
जांच में एक मॉनिटर, तीन सीपीयू, दो माउस और एक की-बोर्ड गायब मिला। इसके अलावा 11 विंडो स्लाइडर भी परिसर से गायब हैं। चोरी गए सामान की सूची नगर निगम ने पुलिस को सौंप दी है। शिकायत में चोरी हुए मॉनिटर का सीरियल नंबर भी दर्ज किया गया है। निगम ने आशंका जताई है कि अज्ञात लोगों ने पुस्तकालय परिसर में प्रवेश कर सामान चोरी किया।
ई-लाइब्रेरी शुरू होने से पहले सुरक्षा पर सवाल
नगर निगम द्वारा इस पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां आधुनिक कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए जाने हैं। ऐसे में काम पूरा होने से पहले ही उपकरणों की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम मजबूत नहीं किए गए तो भविष्य में लगाए जाने वाले महंगे उपकरण भी चोरी के खतरे में रहेंगे।
पुलिस से सामान बरामद करने की मांग
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी ने कोलार थाना प्रभारी को शिकायत देकर घटनास्थल का निरीक्षण करने, अज्ञात आरोपियों की पहचान करने और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। निगम ने मामले में एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पुलिस अब परिसर में लगे सुरक्षा इंतजामों, संभावित प्रवेश मार्गों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
