वार्ड 45 में जनविश्वास शिविर, महापौर ने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर दिया जोर; निर्माणाधीन सुरभि गौशाला 15 दिन में पूरी करने के निर्देश
भोपाल। महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित माहौल देने के लिए भोपाल के सभी वार्डों में समितियां गठित की जाएंगी। इनमें जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन और पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को वार्ड 45 में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और वृद्धजनों की सुरक्षा, देखरेख और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत आयोजित शिविर में महापौर मालती राय, संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा और कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ और स्वीकृति पत्र वितरित किए। अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली।
योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर जोर
महापौर मालती राय ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का माध्यम है। इसका उद्देश्य शासन की सेवाओं को नागरिकों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ जल्द निराकरण करने को कहा।
संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने भोपाल को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभागों से मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी जीआईएस समिट भोपाल को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर है। इसके लिए शहर के विकास और सौंदर्यीकरण में सभी की भागीदारी जरूरी है।
आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाकर योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से शिविरों में आवेदन दर्ज कराने की अपील की। साथ ही, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए।
शिविर में पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी दिए गए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, एडीएम प्रकाश नायक, एसडीएम दीपक पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
सुरभि गौशाला का निरीक्षण
शिविर के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सूखी सेवनिया के पास निर्माणाधीन सुरभि गौशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित अमले को गौशाला का निर्माण कार्य आगामी 10 से 15 दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।
