
भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को राजधानी स्थित आईसीएआर-केन्द्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान का निरीक्षण कर कृषि वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों द्वारा विकसित आधुनिक कृषि उपकरणों तथा ड्रोन आधारित तकनीकों का अवलोकन किया। उन्होंने वैज्ञानिकों से किसानों की जरूरतों के अनुरूप कृषि यंत्र और उपकरण विकसित करने तथा आधुनिक तकनीकों को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के बाद आयोजित कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्मार्ट खेती और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कम लागत व कम मेहनत में अधिक उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों का लाभ किसानों तक तेजी से पहुंचाया जाए।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उप संचालक पशुपालन को पशुओं के समय पर टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जाए तथा उनके उत्पादों के प्रसंस्करण और विपणन की बेहतर व्यवस्था विकसित की जाए। उन्होंने मृदा योजना के माध्यम से किसानों को फूल, फल एवं औषधीय फसलों की उन्नत तकनीक और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में संस्थान के निदेशक सी.आर. मेहता सहित कृषि वैज्ञानिक, कृषि अभियांत्रिकी के विद्यार्थी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





