भोपाल में 22 तहसीलदार-नायब तहसीलदारों के तबादले, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
भोपाल। राजधानी में राजस्व व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 22 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। लंबे समय से पदस्थापना का इंतजार कर रहे कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। माना जा रहा है कि इस बदलाव से विभिन्न तहसीलों और राजस्व सर्किलों में लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आएगी।
इन तहसीलदारों को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार करुणा दंडोतिया को नजूल टीटी नगर वृत्त का तहसीलदार बनाया गया है। भूपेन्द्र कैलासिया को नजूल शहर वृत्त भोपाल का तहसीलदार नियुक्त किया गया है। अनामिका सराफ को अतिरिक्त तहसीलदार, नजूल बैरागढ़ वृत्त बनाया गया है।
हुजूर न्यायालय में संलग्न रहे आदित्य जाघेला को बैरसिया तहसील का तहसीलदार बनाया गया है। कृष्णा रावत को अतिरिक्त तहसीलदार, एमपी नगर वृत्त तथा कुणाल अवास्या को अतिरिक्त तहसीलदार, कोलार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निधि तिवारी को तहसीलदार, भू संसाधन प्रबंधन (एसएलआर-1) और राजेश राम को तहसीलदार, भू संसाधन प्रबंधन (एसएलआर-2) पदस्थ किया गया है।
नायब तहसीलदारों के कार्यभार में भी बदलाव
प्रशासन ने नायब तहसीलदारों के कार्यभार में भी व्यापक फेरबदल किया है। मोहम्मद इदरीश खान को नजूल शहर वृत्त तथा प्रतिनिश तिवारी को बैरसिया में नायब तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा राकेश पिप्पल को टीटी नगर, प्रेम प्रकाश गोस्वामी को कार्यपालिक तहसीलदार, हुजूर, केके पडोले को कार्यपालिक तहसीलदार, कोलार, राजेन्द्र त्यागी को कार्यपालिक तहसीलदार, बैरसिया, राजेश गौतम को कार्यपालिक तहसीलदार, एमपी नगर तथा शरद वल्लभ गोस्वामी को कार्यपालिक तहसीलदार, टीटी नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं भावना रावत को बैरागढ़, प्रीतिरानी चौरसिया को शहर वृत्त, नवीन चंद्र कुम्भकार को कार्यपालिक तहसीलदार, गोविंदपुरा नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मोहम्मद रज्जाक खान, फिरोज अली और अजय सरावंगी को नायब तहसीलदार, भू संसाधन प्रबंधन के पद पर पदस्थ किया गया है।
प्रशासन का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति आएगी और आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।