सुबह 6 बजे से फील्ड में उतरें सफाईकर्मी, निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के निर्देश

निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को दिए निर्देश, सड़कों के गड्ढे भरने और डिवाइडर-गमलों को व्यवस्थित करने पर जोर

भोपाल, 22 अक्टूबर। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सफाई कार्य से जुड़ी पूरी टीम सुबह 6 बजे से हर हाल में फील्ड में सक्रिय हो जाए। उन्होंने सेंट्रल वर्ज, साइड वर्ज, गमलों और उद्यानों की नियमित सफाई करने के साथ इन्हें व्यवस्थित रखने को कहा है। शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के इंतजाम करने और तय मानकों का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गुरुवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित बैठक में आयुक्त ने स्वास्थ्य, यांत्रिक, उद्यान, भवन अनुज्ञा और अन्य विभागों के अधिकारियों से सफाई व्यवस्था, कचरा एकत्रीकरण, कचरे के निष्पादन और उद्यानों के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

आयुक्त ने सेंट्रल वर्ज और साइड वर्ज की नियमित सफाई कराने, गमलों की पुताई करने और डिवाइडरों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई भी व्यवस्थित तरीके से करने को कहा, ताकि शहर की सुंदरता बनी रहे।

निर्माण स्थलों पर पानी का छिड़काव जरूरी

शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आयुक्त ने सफाई और निर्माण कार्यों के दौरान धूल उड़ने से रोकने के इंतजाम करने को कहा। जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव कराने और निर्माण स्थलों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का ध्यान रखा जाए और किसी भी काम में लापरवाही न हो।

सड़कों के गड्ढे जल्द भरने के निर्देश

बारिश के दौरान खराब हुई सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी जरूरी कार्य तय मानकों के अनुसार जल्द पूरे किए जाएं, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।

बैठक में अपर आयुक्त अमन मिश्रा, उपायुक्त हीरेन्द्र सिंह कुशवाह और चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, अधीक्षण यंत्री आरआर जरोलिया सहित कार्यपालन यंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Exit mobile version