जैनम एकेडमी के गरबा उत्सव में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

दो दिन तक चला ‘लिटिल स्टार्स गरबा उत्सव’, नृत्य, गायन और आकर्षक परिधानों के लिए बच्चों को किया सम्मानित

रायपुर। जैनम एकेडमी और समता युवा दुर्गा उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में 17 और 18 अक्टूबर को ‘लिटिल स्टार्स गरबा उत्सव 2026’ का आयोजन किया गया। निःशुल्क आयोजित इस उत्सव में बच्चों ने आकर्षक परिधानों में गरबा प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में भक्ति गीतों, संगीत और नृत्य के जरिए भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में चंचल साहू और दिव्या सर्राफ मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथियों में आकाश यादव, अर्चना जैन, सैयद सलमा, उन्नति शुक्ला, कविता साहनी, डॉ. प्राची शर्मा और कविता कुम्भज शामिल थीं। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर सुभाष मलिक और एंकर अभिलाषा झा भी कार्यक्रम में पहुंचे। शकीला खान, माया जैन और प्रतिभा जायसवाल ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

पहले दिन भजनों ने बांधा समां

उत्सव के पहले दिन 11 वर्षीय गायक आदित्य राज मिश्रा ने माता रानी के भजनों की लाइव प्रस्तुति दी। उनकी गायकी से माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान आरवी शर्मा और आरव शर्मा को बेस्ट ड्रेस, नंदिका जांघेल को बेस्ट कॉन्फिडेंस, सान्वी जांघेल को बेस्ट एंथुसियाज्म और नौ वर्षीय धन्या जैन को बेस्ट डांस परफॉर्मेंस की ट्रॉफी दी गई। सोमिया अग्रवाल और ईशान अग्रवाल ने भी गरबा परिधानों में शानदार प्रस्तुति दी।

कृष्णा मानिकपुरी की गायकी पर झूमे लोग

कार्यक्रम के दूसरे दिन कृष्णा मानिकपुरी की लाइव सिंगिंग आकर्षण का केंद्र रही। उनकी प्रस्तुति पर बच्चों के साथ बड़ों ने भी गरबा किया। शौर्य सर्राफ को बेस्ट लुक मेल गरबा और नन्ही दिविशा को बेस्ट गरबा लुक के लिए सम्मानित किया गया। आठ माह के शिवांग ललवानी सबसे कम उम्र के गरबा सितारे रहे।कार्यक्रम में डिम्पल चौधरी, ललित चौधरी, हिमांशु चौधरी, डिम्पल साहू, येश्वरिया घनजीर सहित कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हरगीरत, राहुल, मोहित, मनीष और हितेश की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया।

जैनम एकेडमी की संस्थापक एवं निदेशक दीपाक्षा जैन ने शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस आयोजन की पहल की। उत्सव में बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने का अवसर मिला।

Exit mobile version