State

फेक न्यूज के दौर में मीडिया कर्मी ‘नेक न्यूज’ को दें जगह : मुख्यमंत्री

अभ्युदय-2026 में बोले डॉ. मोहन यादव- सत्ता का विरोध ठीक, लेकिन देश विरोध नहीं होना चाहिए

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को फेक न्यूज के बजाय ‘नेक न्यूज’ को बढ़ावा देने वाला मीडिया कर्मी बनना चाहिए। पत्रकारिता में सत्ता का विरोध किया जा सकता है, लेकिन देश का विरोध नहीं होना चाहिए। हमारे लिए न्यूज से ऊपर नेशन और देशहित सर्वोपरि होना चाहिए।

मुख्यमंत्री मंगलवार को माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के नवागत विद्यार्थियों के तीन दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम ‘अभ्युदय-2026’ के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार, लेखक और गीतकार पीयूष मिश्रा विशिष्ट अतिथि रहे।

मुख्यमंत्री ने संचार के उदाहरण के रूप में लव-कुश की कथा और देवर्षि नारद का उल्लेख किया। उन्होंने वीर सावरकर और कवि प्रदीप के योगदान को याद करते हुए कहा कि साहित्यकारों और रचनाकारों ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पीयूष मिश्रा ने विद्यार्थियों से कहा- खूब पढ़ें, जमकर काम करें

कार्यक्रम में पीयूष मिश्रा के साथ टॉक शो आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने काम में ‘एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी’ बनने का प्रयास करें। किताबें पढ़ने की आदत बढ़ाएं और काम करने में आनंद महसूस करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को भगत सिंह के साथ स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों को भी याद रखना चाहिए।

पीयूष मिश्रा ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में महापुरुषों को ट्रोल करने से बचना चाहिए। उन्होंने युवाओं से प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान भी किया। विद्यार्थियों के आग्रह पर उन्होंने अपने कुछ गीत भी सुनाए।

पूर्व विद्यार्थियों ने बताए करियर के गुर

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने नए विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने खोजी पत्रकारिता, आरटीआई, टीवी पत्रकारिता, जनसंपर्क, क्रिएटिव मीडिया और तकनीक के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।

वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र भदौरिया ने कहा कि पत्रकारिता में सत्य, तथ्य और कृत्य का महत्व हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि सत्य और तथ्य में विचारों का घालमेल नहीं होना चाहिए।

विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से किया सम्मानित

कार्यक्रम में हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने पर आयोजित ‘प्रणाम उदन्त मार्तण्ड’ कार्यक्रम पर आधारित पुस्तक ‘दो सदी साक्षी है’, विकल्प के विशेषांक ‘मैं क्लासरूम’ और मंदिर की अर्थव्यवस्था पर केंद्रित पत्रिका ‘इंडियन कलाईडोस्कोप’ का विमोचन किया गया।

अपने पाठ्यक्रम में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली परिधि पुजारा, तमन्ना लश्कर और शिविका गुप्ता को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

Related Articles