भोपाल: निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया शुभारंभ

भोपाल। राजधानी भोपाल के निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बड़ी सुविधा देते हुए मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस के नियमित ठहराव का शुभारंभ कर दिया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में डॉ. अंबेडकर नगर–श्री माता वैष्णो देवी कटरा मालवा एक्सप्रेस तथा जबलपुर–वेरावल (सोमनाथ) एक्सप्रेस के नियमित ठहराव का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, सांसद आलोक शर्मा, जनप्रतिनिधि एवं पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, भोपाल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, वंदे भारत ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं के बाद अब निशातपुरा रेलवे स्टेशन भी आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर भोपाल के रेल नेटवर्क को मजबूत बना रहा है। उन्होंने बताया कि करीब ₹14 करोड़ की लागत से विकसित यह स्टेशन भोपाल का पांचवां यात्री रेलवे स्टेशन है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन

निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, हाई लेवल प्लेटफॉर्म, आधुनिक प्रतीक्षालय, कोच गाइडेंस एवं ट्रेन इंडिकेटर सिस्टम, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

हजारों यात्रियों को मिलेगा लाभ

रेलवे के अनुसार, मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस के नियमित ठहराव से भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त यात्रा और समय की बचत होगी, वहीं भोपाल जंक्शन पर यात्रियों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में ₹1.18 लाख करोड़ से अधिक की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास और शत-प्रतिशत रेल विद्युतीकरण जैसे कार्य प्रदेश में रेल अधोसंरचना को नई गति दे रहे हैं।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि निशातपुरा स्टेशन पर इन दोनों एक्सप्रेस ट्रेनों के नियमित ठहराव से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है और यात्रियों को प्रमुख शहरों एवं धार्मिक स्थलों तक बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।

Exit mobile version