भोपाल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा लहराकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। सड़क पर दूर-दूर तक तिरंगे लहराते नजर आए।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगवानदास सबनानी, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय रहवासी, विभिन्न समितियों के सदस्य, स्कूली छात्र और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विधायक भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा शौर्य स्मारक से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा हॉकर्स कॉर्नर, 6 नंबर स्टॉप, नूतन कॉलेज, आनंदधाम, 5 नंबर दुर्गा पेट्रोल पंप, अर्जुन नगर, मद्रासी मोहल्ला, पंचशील नगर, अवंती बाई चौराहा, माता मंदिर और टीन शेड होते हुए कमला नेहरू स्कूल पहुंची।
इसके बाद यात्रा न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहा, रंगमहल टॉकीज, जवाहर चौक और डिपो चौराहा होते हुए भारत माता चौराहे की ओर रवाना हुई।
यात्रा के समापन अवसर पर भारत माता चौराहे पर स्थित भारत माता की प्रतिमा की आरती की जाएगी। इसके बाद भारत माता की जय, जय हिंद और जय हिंद की सेना के जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। यात्रा के चलते पूरे मार्ग पर उत्साह और देशप्रेम का माहौल नजर आया।
