7 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, अधिकारियों को गांवों में जाकर शिकायतें सुनने के निर्देश

भोपाल। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुक्रवार 7 अगस्त से शुरू होगा। अभियान को लेकर बुधवार को संभागायुक्त कार्यालय में आयोजित टाइम लिमिट (टीएल) बैठक में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने सभी संभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर आम जनता की समस्याएं सुनें और उनका मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संभागायुक्त ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनसंवाद के माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, सादगी और जवाबदेही के साथ अधिक से अधिक शिकायतों का समाधान करने को कहा।
बैठक में लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों तथा विभागीय योजनाओं की समीक्षा भी की गई। निर्देश दिए गए कि शुक्रवार को किसी भी स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जन विश्वास अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
अभियान के दौरान नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, राशन दुकानों, खाद-बीज की उपलब्धता, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी जनहित सेवाओं का भी निरीक्षण होगा।
संभागायुक्त ने 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के समाधान के लिए माइक्रो स्तर पर कार्ययोजना बनाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के तहत संभाग स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश भी दिए।
अभियान के तहत भोपाल संभाग में भोपाल के 1, विदिशा के 86, सीहोर के 80, रायसेन के 92 और राजगढ़ के 18 गांवों का चयन किया गया है। अभियान में 17 विभागों की योजनाओं को शामिल किया गया है। बैठक में संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, उपायुक्त राजस्व भारती देवी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





