मुख्यमंत्री ने तलून आयुष्मान आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी

बड़वानी, 14 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को बड़वानी जिले के विकासखंड सिलावद के ग्राम तलून स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल, बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र पटेल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े और कलेक्टर जयति सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) दीपिका चौहान ने उप स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और संबंधित पोर्टल पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने देखा विलेज हेल्थ मैप

इस अवसर पर स्वयंसेवी संस्था अंतरा फाउंडेशन की ओर से AAA (ASHA, Anganwadi, ANM) प्लेटफॉर्म के तहत ग्राम स्तर पर तैयार किए गए विलेज हेल्थ मैप (Village Health Map) का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया।

आशा कार्यकर्ता रंजना कुमावत, माया बकवाले और पूंजा बकवाले सहित अंतरा फाउंडेशन की टीम ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ के कार्यों का उत्साहवर्धन करते हुए मौजूद जनसमूह से तालियां बजवाकर उनका हौसला बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और उपलब्ध सुविधाओं का प्रभावी लाभ आमजन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।

Exit mobile version