मुख्यमंत्री मोहन यादव से अपीलाधीन मंत्रालय कर्मचारी संघ और शीघ्रलेखक संघ ने की मुलाकात, कर्मचारियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए जताया आभार
भोपाल, । मध्यप्रदेश के लगभग चार लाख सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को जल्द ही पदोन्नति का लाभ मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई इस ऐतिहासिक घोषणा के लिए आज मंत्रालय कर्मचारी संघ और शीघ्रलेखक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर आभार प्रकट किया।
अपीलाधीन मंत्रालय कर्मचारी संघ और शीघ्रलेखक संघ के अध्यक्ष श्री सुभाष वर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री निवास पर जाकर डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य शासन द्वारा मध्यप्रदेश कर्मचारी पदोन्नति 2025 के तहत लिए गए सकारात्मक फैसलों पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। प्रतिनिधिमंडल में श्री संजय राठौर, जी.पी. सिंह, एच.एस. भार्गव, अनूप हिराऊ, शैलेन्द्र पाण्डे और सीमा कोरोप्पा जैसे प्रमुख पदाधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को गुलदस्ता भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। प्रतिनिधियों ने पूर्व में गृह भाड़ा भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA) तथा अन्य सुविधाओं में की गई वृद्धि को लेकर भी मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया और सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में लगातार लिए जा रहे निर्णयों की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि, “पिछले कई वर्षों से सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति लंबित थी। यह उनका अधिकार था, जो उन्हें समय पर नहीं मिल पाया। हमारी सरकार ने कर्मचारी संगठनों से गहन चर्चा के बाद इस मुद्दे का समाधान निकाला है। अब यह प्रकरण शीघ्र ही कैबिनेट की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा और जल्द ही पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।”
यह फैसला न सिर्फ कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि मध्यप्रदेश के सरकारी तंत्र की कार्यक्षमता को भी नई दिशा देगा।
मध्यप्रदेश के चार लाख कर्मचारियों को पदोन्नति का तोहफा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की ऐतिहासिक घोषणा
