भोपाल। बीना रेलवे स्टेशन यार्ड में चल रहे रीमॉडलिंग कार्य के चलते अक्टूबर में कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आगासौद-बीना के बीच तीसरी रेल लाइन को बीना स्टेशन से जोड़ने के लिए यह कार्य किया जा रहा है। इसके चलते कुछ ट्रेनों के नंबर, मार्ग, ठहराव और प्रारंभ या अंतिम स्टेशन में अस्थायी बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन को देखते हुए पहले जारी अधिसूचना में संशोधन किया गया है।
दादर-बलिया और दादर-गोरखपुर ट्रेनें बदले रूट से चलेंगी
गाड़ी संख्या 11043 दादर-बलिया 9, 10 और 14 अक्टूबर को संशोधित ट्रेन नंबर से चलेगी। इसका मार्ग इटारसी-जबलपुर-कटनी-सतना-मानिकपुर रहेगा। वहीं 11044 बलिया-दादर 9 और 11 अक्टूबर को मानिकपुर-सतना-कटनी-जबलपुर-इटारसी मार्ग से चलेगी।
इसी तरह 11047 दादर-गोरखपुर 10, 11 और 13 अक्टूबर तथा 11048 गोरखपुर-दादर 10, 12 और 13 अक्टूबर को बदले मार्ग से संचालित होगी।
मालखेड़ी स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली कई ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए मालखेड़ी स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा। इनमें डॉ. अंबेडकरनगर-रीवा, हावड़ा-इंदौर, अहमदाबाद-दरभंगा, भुज-शालीमार, अहमदाबाद-कोलकाता, अहमदाबाद-पटना और अहमदाबाद-गोरखपुर सहित कई ट्रेनें शामिल हैं।
भोपाल स्टेशन पर पांच मिनट रुकेंगी ट्रेनें
गाड़ी संख्या 11465 वेरावल-जबलपुर और 11466 जबलपुर-वेरावल को निर्धारित तिथियों पर परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए निशातपुरा की जगह भोपाल स्टेशन पर पांच मिनट का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
कटनी और कटनी साउथ पर भी ठहराव
11071 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया, 11072 बलिया-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, 12185 रानी कमलापति-रीवा और 12186 रीवा-रानी कमलापति ट्रेनों को कटनी स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव मिलेगा।
इसके अलावा हावड़ा-भोपाल, भोपाल-हावड़ा, भोपाल-धनबाद, धनबाद-भोपाल, भोपाल-चोपन, चोपन-भोपाल, भोपाल-सिंगरौली और सिंगरौली-भोपाल ट्रेनों को कटनी साउथ स्टेशन पर दो मिनट रुकने की सुविधा दी जाएगी।
मेमू ट्रेनों के स्टेशन भी बदले
गाड़ी संख्या 61633 कोटा-बीना मेमू 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक मुंगावली में शॉर्ट टर्मिनेट होगी। वहीं बीना-भोपाल और भोपाल-बीना सहित कुछ मेमू ट्रेनों का प्रारंभ और समापन स्टेशन मंडी बामोरा किया गया है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का अद्यतन नंबर, रूट, ठहराव और प्रारंभ/समापन स्टेशन जरूर जांच लें।
