भोपाल। बैरसिया से नरसिंहगढ़ और राजगढ़ के बीच बस सेवा बंद होने के मामले में संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने जिला परिवहन अधिकारी (आरटीओ) पर नाराजगी जताई है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दो दिन के भीतर वैकल्पिक मार्ग से बसों का संचालन शुरू कराया जाए।
जानकारी के अनुसार बैरसिया क्षेत्र में पार्वती नदी पर पीडब्ल्यूडी का पुल करीब चार वर्ष पहले तोड़ दिया गया था। इसके बाद कुछ बस संचालक डीजल बचाने के लिए नदी पर बने अस्थायी पुल से बसें निकाल रहे थे, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही थी।
इस पर जिला परिवहन अधिकारी जितेंद्र शर्मा ने बैरसिया–नरसिंहगढ़–राजगढ़ मार्ग पर चलने वाली अधिकांश बसों के परमिट निरस्त कर दिए। इसके चलते बैरसिया का नरसिंहगढ़ और राजगढ़ से सीधा बस संपर्क प्रभावित हो गया।
बस सेवा बंद होने से परेशान ग्रामीणों और किसानों ने संभागायुक्त से शिकायत की। शिकायत पर सुनवाई करते हुए संभागायुक्त ने कहा कि यदि अस्थायी पुल से बसों का संचालन सुरक्षित नहीं है, तो उस मार्ग को बंद किया जाए, लेकिन बसों का संचालन किसी दूसरे सुरक्षित मार्ग से जारी रखा जाए।
उन्होंने कहा कि बसें बंद करने से आम लोगों और किसानों के आवागमन के सभी रास्ते बंद हो जाते हैं। इसलिए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा दोनों को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए।
गौरतलब है कि नरसिंहगढ़ और आसपास के कई किसान कृषि कार्य, बाजार और अन्य जरूरी कामों के लिए बैरसिया आते हैं। बस सेवा बंद होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।