State

Breaking News: उमरिया NH-43 पर सड़क किनारे दिखा बाघ, दहशत

घुनघुटी क्षेत्र में बाघ की आवाजाही से बढ़ी चिंता, वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई

उमरिया। जिले के घुनघुटी क्षेत्र में NH-43 के किनारे बाघ दिखाई देने से लोगों में दहशत का माहौल है। शनिवार सुबह बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। वीडियो में बाघ सड़क पर मौजूद कार सवारों की ओर बढ़ता और झपटता हुआ नजर आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने इसकी पुष्टि के लिए जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में बाघ की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वनकर्मियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। वनकर्मी दिन-रात हाईवे और आसपास के जंगल क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।

वन विभाग की ओर से लोगों और वाहन चालकों को सड़क किनारे रुकने से बचने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद बाघ को देखने और उसका वीडियो बनाने के लिए लोग मौके पर पहुंच रहे हैं, जिससे खतरा बढ़ सकता है।

वन विभाग जरूरत पड़ने पर अन्य रेंज से भी टीम बुलाने की तैयारी कर रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाघ से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, हाईवे के किनारे रुककर उसका पीछा या वीडियो न बनाएं और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

Related Articles