शादी का झांसा देकर लिंग परिवर्तन की शर्त रखी
पीड़ित ने 18 लाख रुपये खर्च कर इंदौर में करवाई सर्जरी
बाद में आरोपी ने किया दुष्कर्म और शादी से इनकार
भोपाल। राजधानी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने अपने समलैंगिक दोस्त को प्रेमजाल में फंसाकर उसका भावनात्मक और आर्थिक शोषण किया। मामला गांधी नगर थाने में दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने पीड़ित से प्रेम का नाटक करते हुए वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और उसे शादी का भरोसा दिलाया। धीरे-धीरे आरोपी ने पीड़ित पर लिंग परिवर्तन की शर्त थोप दी, ताकि वह लड़की बनकर उससे विवाह कर सके।
प्यार में अंधे पीड़ित ने यह असामान्य मांग भी मान ली और इंदौर में 18 लाख रुपये खर्च कर लिंग परिवर्तन की सर्जरी करवाई। ऑपरेशन के बाद जब वह लड़की के रूप में सामने आया, तो आरोपी ने उससे लगातार कई दिनों तक दुष्कर्म किया, लेकिन शादी से साफ मुकर गया।
पीड़ित की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का कहना है कि उसने न सिर्फ अपने शरीर, पहचान और भविष्य को बदल डाला, बल्कि अपना सब कुछ खो दिया — पर फिर भी उसे धोखा मिला। यह मामला समाज में समलैंगिक रिश्तों में बढ़ते भावनात्मक और मानसिक शोषण पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
