State

कचरा वाहन में बायोमेडिकल वेस्ट मिला, जोन प्रभारी को नोटिस

भोपाल, 13 अगस्त 2026। कचरा वाहन में गीले-सूखे कचरे के साथ बायोमेडिकल वेस्ट को गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन तक ले जाने के मामले में नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। निगम प्रशासन ने जोन-19 के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस जारी कर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

17 जुलाई को सामने आई थी लापरवाही

अपर आयुक्त स्वास्थ्य की ओर से जारी नोटिस के अनुसार निगम मुख्यालय स्थित कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और रोड स्वीपिंग वाहनों की निगरानी के दौरान मामला सामने आया। जोन-19 के कचरा वाहन क्रमांक MP-04 GB-2172 से 17 जुलाई 2026 को जाटखेड़ी गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पर गीले और सूखे कचरे के साथ बायोमेडिकल वेस्ट भी लाया गया था।

निगम प्रशासन के अनुसार कचरा संग्रहण से जुड़े सभी वाहनों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी स्थिति में बायोमेडिकल वेस्ट को सामान्य कचरे के साथ गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन पर न लाएं। इसके बावजूद संबंधित वाहन चालक द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

तीन दिन में मांगा जवाब

नोटिस में वाहन चालक की लापरवाही को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना गया है। साथ ही जोन-19 के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के अधीन कर्मचारियों की निगरानी और प्रबंधन को असंतोषजनक बताया गया है।

प्रभारी अधिकारी को संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई कर तीन दिन के भीतर अपर आयुक्त के कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने चेतावनी दी है कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन में लापरवाही करने वाले कर्मचारियों और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles