बिरहाई जलाशय की जैव विविधता का होगा पंजीयन, प्रवासी पक्षियों का भी सर्वे

कलेक्टर ने बैरसिया क्षेत्र का किया दौरा, डुंगरिया के जनविश्वास शिविर में हितग्राहियों को बांटे योजनाओं के लाभ
भोपाल। बैरसिया क्षेत्र की भविष्य की जल जरूरतों को देखते हुए प्रशासन जलापूर्ति की योजना तैयार करेगा। इसके लिए बिरहाई जलाशय की जल भंडारण क्षमता और पानी की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। साथ ही जलाशय की जैव विविधता का पंजीयन और यहां आने वाले प्रवासी पक्षियों का सर्वेक्षण भी कराया जाएगा। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शुक्रवार को बैरसिया तहसील के भ्रमण के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बिरहाई जलाशय का निरीक्षण कर अधिकारियों से जल भंडारण और उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संभावित जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए आने वाले वर्षों की पानी की जरूरत का आकलन करें, ताकि भविष्य में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
इसके बाद उन्होंने ग्राम कुल्हौर में लोकेश साहू द्वारा संचालित कस्टम हायरिंग केंद्र का निरीक्षण किया। साहू ने बताया कि कृषि यंत्रों की उपलब्धता के लिए उन्हें योजना के तहत 40 प्रतिशत शासकीय अनुदान मिला है। इससे किसानों को सुविधा मिलने के साथ उनकी आय और बचत में भी मदद मिली है। गरेठिया दुग्ध समिति के सचिव गोविंद सिंह ने बताया कि समिति से 52 दुग्ध उत्पादक जुड़े हैं और सभी पात्र सदस्यों के किसान क्रेडिट कार्ड बन चुके हैं।
महिलाओं ने बताए स्वरोजगार के अनुभव
ग्राम डुंगरिया के मड़ माताजी मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाओं का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण संकेत है।
बैंक सखी रेखा राजपूत ने बताया कि समूह
से जुड़ने के बाद उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे हर महीने 10 हजार रुपए तक की बचत कर रही हैं। वहीं तुलसा बाई ने समूह से मिली आर्थिक सहायता से सुपारी काटने और दोना-पत्तल बनाने की मशीनें खरीदकर स्वरोजगार शुरू किया है।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से जीवन बीमा कराने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और नशामुक्ति का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बाल विवाह रोकने तथा इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई।
साइबर ठगी पर तत्काल सूचना देने की अपील
पुलिस अधीक्षक (देहात) पंकज पांडेय ने ग्राम सुरक्षा समितियों को पुनर्गठित कर सक्रिय करने और पुलिस के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की। साथ ही वेयरहाउस और व्यावसायिक भवनों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए।
शिविर में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पीएम स्वनिधि योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। कलेक्टर ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, सीईओ इला तिवारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।





