Bina Railway News: बीना-आगासौद में यार्ड रीमॉडलिंग, 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रहेंगी रद्द

बीना। पश्चिम मध्य रेलवे के बीना स्टेशन और उत्तर मध्य रेलवे के आगासौद स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए दोनों स्टेशनों पर यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। रेलवे ने इस कार्य के लिए 1 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य चरणबद्ध तरीके से कराने का निर्णय लिया है। इसके चलते अलग-अलग तारीखों में कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को बीना के बजाय आसपास के स्टेशनों से चलाया या वहीं समाप्त किया जाएगा।
रेलवे के मुताबिक, यार्ड रीमॉडलिंग पूरा होने के बाद बीना और आगासौद स्टेशनों की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। इससे ट्रेनों के संचालन, ठहराव और प्रबंधन में सुविधा होगी। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात को संभालने की क्षमता बढ़ेगी और रेल परिचालन की दक्षता, विश्वसनीयता तथा समयपालन में सुधार की उम्मीद है।
20 सितंबर से कई मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द
यार्ड रीमॉडलिंग के कारण ललितपुर-बीना और बीना-ललितपुर मेमू 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। इसी अवधि में बीना-रूठियाई और रूठियाई-बीना की कई मेमू सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी।
रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनें:
– 64618 ललितपुर-बीना मेमू: 20 सितंबर से 15 अक्टूबर, 26 फेरे।
– 64617 बीना-ललितपुर मेमू: 20 सितंबर से 15 अक्टूबर, 26 फेरे।
– 61619 बीना-कटनी मुड़वारा मेमू: 21 सितंबर तथा 28 सितंबर से 15 अक्टूबर, 19 फेरे।
– 61620 कटनी मुड़वारा-बीना मेमू: 21 सितंबर तथा 28 सितंबर से 15 अक्टूबर, 19 फेरे।
– 12192 जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस: 26 सितंबर से 14 अक्टूबर, 19 फेरे।
– 12191 हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर श्रीधाम एक्सप्रेस: 27 सितंबर से 15 अक्टूबर, 19 फेरे।
– 12197 भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी: 1 से 15 अक्टूबर, 15 फेरे।
– 12198 ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी: 1 से 15 अक्टूबर, 15 फेरे।
– 22161 भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस: 9 से 15 अक्टूबर, 7 फेरे।
– 22162 दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस: 10 से 16 अक्टूबर, 7 फेरे।
– 11086 ग्वालियर-SMVT बेंगलुरु एक्सप्रेस: 2 और 9 अक्टूबर।
– 11085 SMVT बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस: 4 और 11 अक्टूबर।
– 22169 रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर: 14 अक्टूबर।
– 22170 संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर: 15 अक्टूबर।
– 22163 भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस: 15 अक्टूबर।
– 22164 खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस: 15 अक्टूबर।
बीना की जगह दूसरे स्टेशनों से चलेंगी कई ट्रेनें
रीमॉडलिंग के दौरान कुछ ट्रेनों का संचालन बीना स्टेशन तक नहीं होगा। 11602 कटनी-बीना मेमू 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक बीना के बजाय खुरई में समाप्त होगी। वहीं 11601 बीना-कटनी मेमू 30 सितंबर से 16 अक्टूबर तक खुरई से चलेगी।
इसी तरह 11603 कोटा-बीना मेमू महादेवखेड़ी जंक्शन पर समाप्त होगी, जबकि 11604 बीना-कोटा मेमू मुंगावली से चलेगी। 61633 और 61634 मेमू सेवाओं में भी बीना के स्थान पर मुंगावली और महादेवखेड़ी जंक्शन से संचालन किया जाएगा।
18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस 6 से 14 अक्टूबर तक भोपाल के बजाय बीना मालखेड़ी जंक्शन तक आएगी। 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस 7 से 15 अक्टूबर तक बीना मालखेड़ी जंक्शन से चलेगी।
इसके अलावा 61631, 11606, 11605 और 61632 मेमू ट्रेनों को भी निर्धारित अवधि में बीना के बजाय मंडीबमौरा से समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा।
शताब्दी एक्सप्रेस भी होगी प्रभावित
15 अक्टूबर 2026 को 12002 नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी एक्सप्रेस रानी कमलापति के बजाय ललितपुर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी। वहीं 12001 रानी कमलापति-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस भी 15 अक्टूबर को रानी कमलापति के बजाय ललितपुर से प्रारंभ होगी।
मालखेड़ी तक बढ़ाई जाएंगी कुछ सवारी ट्रेनें
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के गंतव्य में भी बदलाव किया है। 51884 ग्वालियर-बीना सवारी को 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक मालखेड़ी तक विस्तारित किया जाएगा। यह ट्रेन फ्लाईओवर के जरिए बीना स्टेशन को पार करेगी।
51885 बीना-दमोह सवारी मालखेड़ी से चलेगी, जबकि 51886 दमोह-बीना सवारी मालखेड़ी में समाप्त होगी। इसी तरह 51883 बीना-ग्वालियर सवारी मालखेड़ी से शुरू होगी और फ्लाईओवर के जरिए बीना स्टेशन को पार करेगी।
इसके अलावा 19341 नागदा-बीना ट्रेन को कटनी मुड़वारा तक विस्तारित किया जाएगा। यह ट्रेन भी फ्लाईओवर के जरिए बीना स्टेशन को पार करेगी। 19342 बीना-नागदा कटनी मुड़वारा से शुरू होगी और फ्लाईओवर के जरिए बीना स्टेशन को पार करेगी।





