भोपाल, 11 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे हालात में SDERF, होमगार्ड्स और सिविल डिफेंस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। आगर मालवा में टीमों ने 380 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि उज्जैन में होमगार्ड जवान ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में डूब रहे युवक को बचाया।
आगर मालवा में 380 लोगों का रेस्क्यू
आगर मालवा जिले के सोयत थाना क्षेत्र में भारी बारिश के बाद गंभीर जलभराव हो गया। सूचना मिलते ही SDERF, होमगार्ड्स और आपदा राहत टीम मौके पर पहुंची। टीमों ने बिजली ऑफिस कॉलोनी से 250, माधव चौक से 70 और इंदौर-कोटा हाईवे से 60 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों तक पहुंचाया गया।
उज्जैन में होमगार्ड जवान ने बचाई युवक की जान
उज्जैन के रामघाट पर उफनती क्षिप्रा नदी में स्नान के दौरान तीन नागरिक तेज बहाव में बहने लगे। इसी दौरान घाट पर तैनात होमगार्ड जवान जीवन सोलंकी ने गहरे पानी में छलांग लगाकर 21 वर्षीय जय सिसौदिया को सुरक्षित बाहर निकाला। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रदेशभर में हाई अलर्ट
महानिदेशक होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं SDERF प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के निर्देश पर संवेदनशील जिलों में QRT, रेस्क्यू बोट और आपदा राहत वाहन तैयार रखे गए हैं। SDERF मुख्यालय भोपाल से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों, पुल-पुलियाओं और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
