डीएम प्रगति पोर्टल से होगी भोपाल की बड़ी परियोजनाओं की निगरानी, 9 अगस्त से शुरू होगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

भोपाल, 3 अगस्त। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि अब ‘डीएम प्रगति पोर्टल’ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी।
कलेक्टर ने बताया कि पोर्टल पर सभी संबंधित विभागों को अलग-अलग लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके जरिए मेट्रो, एमएसएमई, अधोसंरचना परियोजनाओं सहित अन्य विकास कार्यों की समय-सीमा और प्रगति की निगरानी स्वयं कलेक्टर करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सभी परियोजनाओं को तय समय पर पूरा किया जाए।
9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि 9 से 17 अगस्त तक जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं संचालनालय स्वराज संस्थान, संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर निकलेगी तिरंगा रैली
कलेक्टर ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत तथा शहरी क्षेत्रों के लिए नगर निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
हर शुक्रवार होगा जनसंवाद और निरीक्षण
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने निर्देश दिए कि 7 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र का अनिवार्य भ्रमण करें। इस दौरान वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों, दूरस्थ गांवों, शासकीय संस्थानों तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे और आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।





