State

भोपाल नगर निगम की बड़ी पहल: देश का पहला हाईटेक और कैशलेस पार्किंग सिस्टम, नकद भुगतान पूरी तरह बंद

5 मल्टीलेवल पार्किंग में कैमरों से होगी वाहन ट्रैकिंग, यूपीआई से भुगतान अनिवार्य, नकद देने पर दोगुना शुल्क

भोपाल, 9 जुलाई। भोपाल नगर निगम ने शहर की पांच मल्टीलेवल पार्किंग को हाईटेक और पूर्णतः कैशलेस बनाकर देश का पहला ऐसा नगरीय निकाय बनने का दावा किया है। नई व्यवस्था के तहत पार्किंग स्थलों पर वाहन प्रवेश और निकासी के दौरान बूम बैरियर पर लगे कैमरों से वाहनों की ट्रैकिंग की जाएगी तथा पार्किंग शुल्क का भुगतान मोबाइल ऐप के माध्यम से यूपीआई से किया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बताया कि यह पहल निगम की राजस्व वसूली और भुगतान प्रणाली को पूरी तरह डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी मल्टीलेवल पार्किंग में नकद भुगतान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

यदि कोई वाहन चालक ऑनलाइन माध्यम से पार्किंग शुल्क का भुगतान नहीं करता है और नकद भुगतान करता है, तो उससे पेनाल्टी के रूप में दोगुना पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा।

नगर निगम के अनुसार, जल्द ही इन पार्किंग स्थलों पर फास्टैग आधारित भुगतान सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे बैरियर पर वाहनों का इंतजार कम होगा, यातायात सुगम बनेगा और पार्किंग व्यवस्था अधिक आधुनिक एवं सुविधाजनक हो सकेगी।

भोपाल नगर निगम ने शहर की 5 मल्टीलेवल पार्किंग को हाईटेक और पूरी तरह कैशलेस बना दिया है। अब यूपीआई से पार्किंग शुल्क का भुगतान अनिवार्य होगा। नकद भुगतान पर दोगुना शुल्क और जल्द ही फास्टैग सुविधा भी शुरू होगी।

Related Articles