MP में दूध-घी की जांच में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 3 खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित

भोपाल। मध्यप्रदेश में दूध, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान जारी है। अभियान की समीक्षा के दौरान खाद्य एवं सुरक्षा प्रशासन के आयुक्त/नियंत्रक ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की है।
समीक्षा में सौंपे गए कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर तीन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनमें मुरैना जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता, सागर की प्रीति राय और पन्ना के राजेश राय शामिल हैं।
इसके अलावा अभियान के दौरान अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने और कार्य में लापरवाही को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के 42 उपसंचालक, अभिहित अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। इन अधिकारियों से सिविल सेवा आचरण नियमों के तहत कारण बताओ नोटिस/स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दूध-घी में मिलावट पर सरकार सख्त
मध्यप्रदेश में दूध, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की जा रही है। प्रदेशव्यापी अभियान का उद्देश्य मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना है।
अधिकारियों की समीक्षा के दौरान सामने आई लापरवाही के बाद की गई यह कार्रवाई विभाग की सख्ती को दिखाती है। तीन अधिकारियों का निलंबन और 42 अधिकारियों को नोटिस मिलने से जिलों में चल रही खाद्य सुरक्षा कार्रवाई को लेकर जिम्मेदारी और निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।





