भोपाल में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: शहरभर से हटाए अतिक्रमण, ठेले-तिरपाल जब्त, आरिफ नगर में सड़क निर्माण में बाधक मकान तोड़ा

भोपाल। नगर निगम भोपाल ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का व्यापक अभियान चलाया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के तहत निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने अवैध कब्जों, ठेलों, फुटपाथ पर लगी दुकानों, छप्परों, चबूतरों और आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान ठेला, टेबल और तिरपाल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम अमले ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्रवाई में सहयोग करते हुए आरिफ नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण में बाधा बन रहे एक मकान को भी हटाया।

इन क्षेत्रों में चला अभियान

अभियान के दौरान कोलार मंदाकिनी, बंजारी, अमर विहार, सनखेड़ी, प्रियंका नगर, ललिता नगर, डी-मार्ट क्षेत्र, दानिश चौराहा, चूना भट्टी, नेहरू नगर, कलियासोत डेम, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, सरस्वती नगर, लिंक रोड-1, 2 और 3, 11 नंबर स्टॉप, बाबड़िया कला, बाग सेवनिया, मिसरोद, रानी कमलापति क्षेत्र, एमपी नगर, न्यू अदालत, जहांगीराबाद, रेतघाट, रविंद्र भवन, मिंटो हॉल, रायसेन रोड, अप्सरा टॉकीज, प्रभात चौराहा, मंडी चौराहा, अशोका गार्डन, पुष्पा नगर, आरिफ नगर और ईदगाह हिल्स सहित कई स्थानों पर कार्रवाई की गई।

अवैध निर्माण और सामग्री हटाई

नगर निगम ने अभियान के दौरान फुटपाथों पर लगी सब्जी और पान की दुकानों को हटाने के साथ ही ईदगाह हिल्स में अवैध स्लैब, प्रियंका नगर में गणेश मंदिर के पीछे लगी अवैध किचन गार्डन की जाली, अमर विहार और पुष्पा नगर में बने अवैध चबूतरे, बंजारी सर्विस रोड पर रखे बांस-बल्ली तथा मंदाकिनी क्षेत्र में बने अवैध छप्पर को हटाया।

इसके अलावा मिसरोद रोड से आवागमन में बाधा बन रहा एक चारपहिया वाहन भी हटवाया गया।

ठेला, टेबल और तिरपाल जब्त

कार्रवाई के दौरान निगम अमले ने एक ठेला, 10 टेबल और 10 तिरपाल समेत अन्य सामग्री जब्त की। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version