भोपाल, 29 जुलाई । कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने जिले में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान के तहत गांधीनगर, बैरागढ़ और पीरगेट क्षेत्र में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देकर करीब 2.90 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब एवं मदिरा निर्माण सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), (च) के तहत तीन तथा धारा 34(1)(क) के तहत एक प्रकरण दर्ज किया। टीम ने 100 पाव देशी प्लेन शराब, 15 पाव विदेशी शराब, लगभग 40 लीटर हाथभट्टी शराब तथा 2,500 लीटर महुआ लहान जब्त किया। महुआ लहान के नमूने जांच के लिए सुरक्षित रखे गए, जबकि शेष लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अधिकारी रामगोपाल भदौरिया के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति शैलेंद्र, सुरेंद्र कुमार देवांगन, नीरज दुबे, मनीष द्विवेदी, सीमा कशिसिया, मनोज दुबे, आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल तथा आबकारी आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई और अधिक सख्ती के साथ की जाएगी। पीरगेट क्षेत्र से संबंधित प्रकरण भी दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
