एमपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन दिन में 25 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त, कई तस्कर गिरफ्तार

भोपाल, 30 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस ने राज्यव्यापी अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के तहत पिछले तीन दिनों में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ, वाहन, हथियार और अन्य सामग्री जब्त की है। इस दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया।
मंदसौर के सीतामऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की स्विफ्ट कार से 193.920 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। इस कार्रवाई में करीब 8.87 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
वहीं भानपुरा थाना पुलिस ने 170 ग्राम एमडीएमए और 4.5 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद कर लगभग 1.88 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विदिशा के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
शाजापुर के मक्सी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 4.80 लाख रुपये कीमत की स्मैक जब्त कर दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया।
मध्यप्रदेश पुलिस का कहना है कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान केवल जनजागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण या बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित मध्यप्रदेश के निर्माण में जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।





