State

भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 क्विंटल घी जब्त; बाजार कीमत करीब 14 लाख रुपये

भोपाल, 29 जुलाई। रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को राजधानी के दो प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई कर करीब 25 क्विंटल देशी घी जब्त किया। जब्त घी की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है। मिलावट की आशंका के चलते घी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 38 के तहत सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों से घी के नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा है। जांच में यदि उत्पाद अमानक या मिलावटी पाए जाते हैं तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

करोंद में प्रोस्पेरिटी टेक पर कार्रवाई

विभाग की पहली कार्रवाई करोंद स्थित पंचवटी कॉलोनी फेज-2 के प्रोस्पेरिटी टेक प्रतिष्ठान पर की गई। यहां व्यवसायी सूरज पांडे के प्रतिष्ठान से विभिन्न पैकिंग में लगभग 938 किलोग्राम गोवर्धन धौलपुर फ्रेश देसी घी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये है। मिलावट की आशंका के चलते पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया गया। जांच के दौरान प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस प्रदर्शित नहीं मिला, जिस संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

भानपुर में 15 क्विंटल घी जब्त

दूसरी कार्रवाई रसालखेड़ी, भानपुर-विदिशा रोड स्थित नर्मदा सेल्स कॉरपोरेशन में की गई। यहां द्वारकेश, शगुन, गोवर्धन और भूमि ब्रांड का करीब 15 क्विंटल घी मिला, जिसे मिलावट की आशंका के आधार पर जब्त कर सुरक्षित रखा गया। इस स्टॉक की अनुमानित बाजार कीमत 8.51 लाख रुपये बताई गई है। विभाग ने यहां से विभिन्न ब्रांडों के 10 नमूने जांच के लिए एकत्र किए हैं।

यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश कुमार पटेल, जगदीश विश्वकर्मा, साधना सक्सेना और पूजा शाक्य की टीम ने की।

Related Articles