State

भोपाल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब पर छापेमारी, दो फरार आरोपी गिरफ्तार, 16 प्रकरण दर्ज

भोपाल। राजधानी में अवैध शराब के कारोबार और अवैध मदिरापान केंद्रों के खिलाफ आबकारी विभाग ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब जब्त करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित अवैध आहातों पर कार्रवाई करते हुए 16 प्रकरण दर्ज किए गए।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के मार्गदर्शन में नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया और सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति शैलेन्द्र के नेतृत्व में जिला आबकारी नियंत्रक दल ने यह अभियान चलाया।

मुखबिर से सूचना मिलने पर टीम ने ग्राम चंदुखेड़ी में हर्ष मीणा जूस सेंटर के पीछे छापेमारी की। यहां अवैध शराब बेचने की पुष्टि होने पर शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान अजमल मीणा और गुरवेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी आबकारी अधिनियम के तहत पहले से दर्ज मामलों में फरार चल रहे थे। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

अवैध आहातों पर भी कार्रवाई

अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने जिले की मदिरा दुकानों के आसपास संचालित अवैध मदिरापान केंद्रों पर भी कार्रवाई की। रत्नागिरी तिराहा, पटेल नगर, कोकता, बिलखिरिया, खुमरी कला और कोलार क्षेत्र में संचालित अवैध आहातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए।

इस अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी विवेक सक्सेना, सुरेंद्र कुमार देवांगन, मनोज दुबे, महेश विश्वकर्मा और मनीष द्विवेदी, उप निरीक्षक नीरज दुबे, चंदर सिंह और भ्रांति सैयाम सहित आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।

अधिकारी का बयान

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने कहा कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों तथा अवैध आहातों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles