
भोपाल। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच भोपाल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने दो महिला गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर 5.107 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1,50,000 रुपए बताई जा रही है।
विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक मरावी के नेतृत्व में टीम ने एमपी नगर जोन-1, यश बैंक के सामने ग्राउंड पर दबिश दी। वहां दो महिलाएं प्लास्टिक के थैलों में मादक पदार्थ गांजा रखे ग्राहकों का इंतजार करती मिलीं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान सीता पति सच्चू (45 वर्ष) और सौदा बाई पत्नी धनीराम (50 वर्ष), दोनों निवासी अर्जुन नगर झुग्गी, औबेदुल्लागंज जिला रायसेन के रूप में हुई। तलाशी में सीता के पास से 2.671 किग्रा गांजा और सौदा बाई के पास से 2.436 किग्रा गांजा बरामद हुआ। कुल 5.107 किलोग्राम गांजा को विधिवत जप्त किया गया।
आरोपी महिलाएं कम दामों पर गांजा खरीदकर भोपाल के थाना छोला मंदिर और निशातपुरा क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचती थीं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20, 29 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।



