भोपाल नगर निगम की बड़ी कार्रवाई : कोयला भट्टी चलाने पर रेस्टोरेंट संचालक से 15,000 का जुर्माना

भोपाल नगर निगम ने शहर में स्वच्छता और वायु गुणवत्ता सुधार के लिए सख्त रुख अपनाया है। निगम आयुक्त श्रीमती संस्कृति जैन के निर्देश पर सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) खुले में फेंकने और कोयला भट्टी का उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इसी कार्रवाई में निगम ने एक रेस्टोरेंट संचालक से 15,000 रुपए और अन्य प्रकरणों में कुल 75,950 रुपए की राशि स्पॉट फाइन के रूप में वसूल की।

भोपाल । शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रदूषण नियंत्रण के तहत नगर निगम भोपाल ने सख्त कदम उठाए हैं। जोन क्रमांक 08 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कलियासोत डेम के पास वाइट आर्केड रेस्टोरेंट में निरीक्षण कर पाया कि वहां खुले में सीएंडडी वेस्ट फेंका गया था और रेस्टोरेंट में कोयला भट्टी का उपयोग किया जा रहा था। दोनों उल्लंघनों के लिए निगम ने रेस्टोरेंट संचालक पर दो अलग-अलग प्रकरणों में 15,000 रुपए का जुर्माना लगाया।

इसके अलावा, निगम ने शहर के विभिन्न जोनों में सीएंडडी वेस्ट फैलाने के सात प्रकरणों में 21,100 रुपए और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने के 166 प्रकरणों में 54,850 रुपए की राशि स्पॉट फाइन के रूप में वसूली।

निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जो कोई भी सड़कों पर मलबा या कचरा फेंकेगा, उस पर बिना किसी चेतावनी के स्पॉट फाइन लगाया जाएगा।

Exit mobile version