भोपाल, 6 अगस्त। जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने गुरुवार को हमीदिया रोड स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स पर छापामार कार्रवाई कर करीब 12.66 लाख रुपये मूल्य का संदिग्ध घी जब्त किया। जब्त किए गए घी के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
विभाग को मिली सूचना के आधार पर 58, पटेल नगर स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स में निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान धौलपुर फ्रेश दानेदार देसी घी और गोवर्धन प्योर काउ घी की 200 मिली, 500 मिली, 1 लीटर और 15 किलोग्राम पैकिंग बड़ी मात्रा में भंडारित मिली। प्रारंभिक जांच में इसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर पूरा स्टॉक जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान 655 किलोग्राम धौलपुर फ्रेश घी (अनुमानित मूल्य 4.48 लाख रुपये) और 1,440 लीटर गोवर्धन घी (अनुमानित मूल्य 8.18 लाख रुपये) जब्त किया गया। कुल 2,095 लीटर/किलोग्राम घी की अनुमानित कीमत 12.66 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया कि यह घी इंदौर स्थित सुपर स्टॉकिस्ट और सी एंड एफ एजेंटों के माध्यम से भोपाल भेजा गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने पू
रे सप्लाई चेन की जांच शुरू कर दी है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अरुणेश पटेल, पंकज श्रीवास्तव, जे.पी. लववंशी तथा विभागीय टीम ने की।
