State

बड़वानी पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 5 थानों और एसपी कार्यालय को मिला ISO प्रमाणन

गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

बड़वानी, 18 अगस्त 2026। पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में बड़वानी पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले के पांच पुलिस थानों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली के लिए ISO प्रमाणन मिला है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की गई। एक कार्यक्रम में संस्था के सलाहकार एसके विद्यार्थी ने डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद की मौजूदगी में ISO प्रमाण-पत्र एसपी पद्मविलोचन शुक्ल को प्रदान किए।

इन पुलिस इकाइयों को मिला प्रमाणन

बड़वानी जिले में एसपी कार्यालय, थाना कोतवाली, थाना सिलावद, थाना सेंधवा शहर, थाना सेंधवा ग्रामीण और थाना राजपुर को ISO प्रमाणन प्रदान किया गया है।

रिकॉर्ड से लेकर नागरिक सुविधाओं तक जांच

प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान पुलिस कार्यालयों और थानों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इसमें अभिलेखों का रखरखाव, कार्यों की निगरानी, जवाबदेही, निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में लगातार सुधार जैसे मानकों को परखा गया।

महिला ऊर्जा केंद्र, बाल मित्र कक्ष और वात्सल्य कक्ष जैसी नागरिक सुविधाओं और जरूरतमंद वर्गों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

हवालात में सकारात्मक संदेशों से नई पहल

बड़वानी पुलिस ने थानों की हवालात की दीवारों पर प्रेरक कहानियों, सकारात्मक संदेशों और कार्टून के माध्यम से चित्रांकन कराया है। पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य निरुद्ध व्यक्तियों में आत्मचिंतन और सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उन्हें अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

पुलिस का कहना है कि यह पहल कानून व्यवस्था के साथ सुधारात्मक और मानवीय पुलिसिंग को बढ़ावा देने का प्रयास है। ISO प्रमाणन से बड़वानी पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Related Articles