State

विश्व अंतरिक्ष दिवस पर याद आई भोपाल के सचिन की इसरो में गौरवशाली भूमिका

भोपाल। विश्व अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देशभर में भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों को गर्व के साथ याद किया जा रहा है। इस मौके पर चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता भी चर्चा में है। भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के निकट सफलतापूर्वक पहुंचाने वाले इस मिशन में भोपाल निवासी इसरो वैज्ञानिक-इंजीनियर सचिन कुमार मालवीय ने अपनी टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

भोपाल के शंकर गार्डन निवासी भेल के सेवानिवृत्त अधिकारी केसी मालवीय और समाजसेविका सविता मालवीय के बड़े बेटे सचिन मालवीय ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए अपनी टीम के साथ अहम जिम्मेदारियां निभाईं। उनकी भूमिका ने न केवल परिवार, बल्कि भोपाल और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया।

सचिन मालवीय ने चंद्रयान-3 के अलावा सूर्य के अध्ययन से जुड़े आदित्य-एल1 मिशन में भी अपनी टीम के साथ योगदान दिया। उनकी वैज्ञानिक क्षमता, मेहनत और समर्पण को परिवार देश सेवा से जोड़कर देखता है।

सचिन की उपलब्धियों पर उनकी मां सविता मालवीय कहती हैं कि हर मां अपने बेटे की सफलता का सपना देखती है, लेकिन जब बेटा अपने ज्ञान और मेहनत से देश की सेवा करता है तो उससे बड़ा गर्व का क्षण कोई नहीं होता। वहीं पिता केसी मालवीय बेटे की सफलता को अपने जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हैं।

विश्व अंतरिक्ष दिवस पर सचिन मालवीय की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह कहानी बताती है कि वैज्ञानिक सोच, मेहनत और समर्पण के दम पर देश के किसी भी शहर से निकलकर भारत की ऐतिहासिक अंतरिक्ष उपलब्धियों में योगदान दिया जा सकता है।

Related Articles